शहर में प्रकाश चौक पर लगे जाम में फंसे राहगीर और वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में सोमवार को सड़क-चौराहे जाम रहने से नागरिक बेहाल हो गए। गलियों में वाहनों की कतार लगी रही। दिनभर नागरिक जाम से जूझते रहे। स्कूलों की छुट्टी होने के बाद हालात अधिक विकट हो गए। पांच मिनट की दूरी तय करने में ही आधा घंटा बीत गया। वहीं, फोर्स के चुनावी ड्यूटी में इधर-उधर जाने से समस्या अधिक बढ़ गई, जबकि नासूर बने जाम से निपटने में प्रशासन और ट्रैफिक विभाग पूरी तरह से नाकाम है।
दिन निकलते ही सड़क जाम के झाम से घिर गई। मनमर्जी से दौड़ रही ई-रिक्शा और वाहनों ने चंद मिनटों की दूरी को घंटों में बदल दिया। शहर के प्रत्येक चौराहे को छोड़िए, गली-मोहल्ले भी पूरी तरह से जाम रहे। मीनाक्षी चौक, महावीर, प्रकाश चौक, मालवीय चौक पर घंटों तक राहगीर, वाहन चालक जाम में फंसे रहे। सबसे अधिक बुरे हालात शिवचौक, अस्पताल तिराहा, आहिल्याबाई चौक पर देर शाम तक जाम लगा रहा। स्कूलों की छुट्टी होने के बाद अधिक समस्या पैदा हो गई। स्कूली वाहनों, ई-रिक्शाओं के कारण हालात बेपटरी रहे। चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मचारी गायब रहे। इसके चलते वाहन चालक मनमर्जी से वाहन दौड़ाने में लगे रहे। इससे दो मिनट की दूरी भी आधा घंटा में पूरी हुई।