-कुछ दुकानदारों ने विरोध करते हुए रुकवा दिया था कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। अशोका मार्केट में विगत कई माह से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिसके चलते राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। इस दौरान कई राहगीर चोटिल भी हो गए हैं।
नगर पालिका की ओर से सड़क निर्माण कराए जाने के लिए कई माह पूर्व अशोका मार्केट की सड़क को तोड़ दिया गया था। जब ठेकेदार सड़क निर्माण करने के लिए पहुंचा तो उसने दुकान के सामने बनाई गई पेड़ियों समेत किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा तो कुछ दुकानदारों ने विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया था।
इस मामले में अतिक्रमण हटाए जाने के लिए सभासद विकास कौशिक ने भी अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था। विकास कौशिक का कहना था कि पहले अतिक्रमण हटना चाहिए। इसके बाद ही सड़क का निर्माण होगा। इसको लेकर दुकानदारों का विरोध जारी रहा।
सड़क निर्माण न होने का खमियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। सड़क निर्माण कार्य तभी से रुका हुआ है। इस मामले में ईओ एसडीएम बुढ़ाना राजकुमार ने बैठक लेकर दीपावली के बाद अतिक्रमण हटवा कर निर्माण कराए जाने की बात की थी। इसके बाद भी सड़क निर्माण नहीं हुआ।
ईओ ने बताया कि 14 मीटर सड़क का निर्माण कराया जाना है। वह मौके पर पहुंच कर जो भी न्याय संगत होगा सड़क निर्माण कराया जाएगा।