नई मंडी कोतवाली के जानसठ फ्लाईओवर के पास हरिद्वार से लौट रही तीर्थयात्रियों की कार हाईवे पर खड़े कैंटर में जा घुसी। हादसे में कार सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
दिल्ली के उत्तमनगर संजय एन्क्लेव निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र फतेहचंद परिवार के साथ हरिद्वार गए थे। बृहस्पतिवार सुबह परिवार वहां से लौट रहा था। करीब आठ बजे बाईपास पर जानसठ फ्लाईओवर से नीचे उतरते ही कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी।
दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। राजेंद्र सिंह (60) की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि तरुण (12) पुत्र राजेंद्र, संजय (45) पुत्र ओमप्रकाश, आदित्य पुत्र अमित, उमा पत्नी राकेश और कमलेश पत्नी जयकिशन घायल हो गए। घायलों को मेरठ रेफर कर दिया है। मामले में घायलों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
नींद की झपकी ने कर दिया हादसा
जानसठ बाईपास पर हुआ हादसा चालक की नींद की झपकी की वजह से हुआ। पुलिस के अनुसार सभी लोग सुबह जल्दी हरिद्वार से चले थे। चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है। झपकी के चलते उसे ट्रक का अंदाजा नहीं हो पाया और कार ट्रक के नीचे जा घुसी।