पुरकाजी के रंडावली गांव में एक किसान की खेत में टूटे पड़े तारे की चपेट में आकर करंट लगने से मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। मृतक के भाई की ओर से एसडीओ और जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। ग्राम रंडावली निवासी 34 वर्षीय किसान रमेश पुत्र इसम सिंह खेत पर पानी चलाने गया था। उसी दौरान खेत में रखे ट्रांसफार्मर का तार टूटकर गिर गया। तार की चपेट में आने से किसान को करंट लगा और मौके पर मौत हो गई।
परिजन खेत पर पहुंचे तो रमेश मृत मिला। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पाकर पुलिस व विद्युत निगम के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के स्थानीय कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि शिकायत के बावजूद भी तार नहीं बदले गए। जिसके बाद ग्रामीण थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर राम अवतार गुप्ता, सीओ सदर शिवराज सिंह यादव भी थाने पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। मृतक के भाई योगेश की तहरीर पर एसडीओ एसके गुप्ता व जेई राजनारायण यादव सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद ही ग्रामीण शांत हुए। उधर, जेई का कहना है कि ट्रांसफार्मर में छेड़छाड़ करने के कारण हादसा हुआ है।