मुजफ्फरनगर । रालोद ने किसानों के गन्ना भुगतान, बच्चों की स्कूल फीस माफी आदि पांच सूत्रीय मांगो को लेकर कचहरी में प्रदर्शन किया। अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की।
रालोद जिला अध्यक्ष अजीत राठी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सरकुलर रोड स्थित पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट में पहुंचे और प्रदर्शन किया। पूर्व राज्यमंत्री चौधरी योगराज सिंह ने कहा कि किसान विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। चीनी मिलें गन्ने का भुगतान नहीं दे रही हैं। बिजली के बिल अधिक भेज कर लोगों को परेशान किया जा रहा है। पानीपत-खटीमा राजमार्ग के चौड़ीकरण के भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजे के लिए किसान परेशान हैं। लॉकडाउन में सरकार ने स्कूल फीस और बिजली बिलों में कोई राहत नहीं दी।
सुधीर भारतीय, धर्मेंद्र राठी, विकास बालियान, राजीव लाटियान और पंकज राठी ने सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताया। एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगे पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा। मौके पर जिलाध्यक्ष अजीत राठी, संजीव चौधरी, उदयवीर, आमिर अली, सार्थक लाटियान, सत्यवीर, रोहित सिंह, शादाब अली, वकील मंसूरी, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
महावीर चौक पर पुलिस ने रोका रास्ता
मुजफ्फरनगर । रालोद के सरकुलर रोड कार्यालय से बाइक, ट्रैक्टर और कारों के काफिले के साथ कचहरी जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने महावीर चौक पर रास्ता रोककर आगे न जाने देने की कोशिश की। पुलिस रालोद जिलाध्यक्ष के ट्रैक्टर के आगे अड़कर खड़ी रही और कार्यकर्ता कलक्ट्रेट जाने पर अडे़ रहे। काफी देर की जद्दोजहद के बाद पुलिस अलग हटी।