बैंक में हंगामा करते रालोद कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
मोरना में बैंक द्वारा कम कैश मिलने पर रालोद कार्यकर्ताओं ने भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक का घेराव कर बैंक में ताला जड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी और इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा को एसडीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
कस्बा भोकरहेड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारियों द्वारा कम कैश देने के विरोध में रालोद जिला उपाध्यक्ष सुमित सहरावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैंक की तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया और एसडीएम के नाम ज्ञापन मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर को सौंपा। ज्ञापन में प्रतिदिन बैंक द्वारा 50 लाख रुपये का भुगतान, बुजुर्गों के लिए अलग लाइन, टोकन व्यवस्था, लड़कियों की शादी के लिए ढई लाख रुपये, किसानों को प्राथमिकता, एटीएम में पर्याप्त धनराशि तथा रविवार के दिन भी एटीएम खोलने की व्यवस्था आदि मांग की गई है। रालोद कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर शाखा प्रबंधक राजेन्द्र कुमार का भी घेराव किया।
सुमित सहरावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि नोटबंदी के कारण आम आदमी भिखारी बनकर रह गया है। बैंक द्वारा शीघ्र ही पूरे कैश की व्यवस्था न की गयी तो रालोद बैंक के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी। धरने की अध्यक्षता रईस अहमद ने की तथा संचालन मास्टर इकबाल ने किया। चौधरी धर्मवीर सिंह, उदयवीर सिंह, बॉबी, जाहिद, डा. चन्द्रपाल, ललित सहरावत, विनय चौधरी, पंकज, विनुज पहलवान, नेपाल सिंह, मदन सिंह, अजमल खान, बबलू, सोदान सिंह, इनाम मलिक आदि मौजूद रहे।