पांच दिन से नोट बंदी को लेकर बैंकों के बाहर ड्यूटी कर रही पुलिस ने सोमवार को सरकारी अवकाश होने के चलते राहत की सांस ली। बैंक शाखाओं और एटीएम पर चल रहे काम को लेकर पुलिस पिछले पांच दिनों से जनता से जूझ रही थी। अभी करीब एक पखवाड़े तक पुलिस को इसी तरह ड्यूटी देनी पड़ेगी।
केंद्र सरकार की नोटबंदी की योजना को अंजाम देने के लिए बैंकों के बाहर पिछले पांच दिनों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। ऐसे में पुलिस के बाकी काम बिल्कुल ठप पड़ गए थे। सोमवार को कार्तिक गंगा-स्नान और गुरू नानक जयंती को लेकर अवकाश था, इसके चलते बैंकों की छुट्टी होने पर पुलिस को एक दिन का आराम मिल गया।
सोमवार को सभी एसओ अपने थानों पर जनता के लोगों से मिले। काफी संख्या में पीड़ितों ने थानों पर पहुंचकर अपने काम कराने के लिए गुहार लगाई। पुलिस ने भी अपने जरुरी कामों को निपटाया। हालांकि एटीएम पर पुलिसकर्मियों की आज भी ड्यूटी जारी रही। मंगलवार से पुलिस को फिर से नोटबंदी के लिए बैंकों पर ड्यूटी करनी होगी।
अंदाजा है कि अभी हालात सामान्य होने में एक पखवाड़ा लग सकता है। ऐेसे में पुलिस को पूरी मुश्तैदी से अपने काम को अंजाम देना होगा। बताते चलें कि बैंक ड्यूटियों के चलते पुलिस के दबिश, विवेचना, जांच आदि काम अटक गए हैं। बैंकों के बाहर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से बैंक ड्यूटी को प्राथमिकता देने के निर्देश दे रखे हैं।