मुजफ्फरनगर। कंपनी बाग स्थित उद्यान विभाग की दीवार गिराए जाने के मामले में नगरपालिका ईओ और कर अधीक्षक सहित 50-60 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका (कंपनी बाग) में वर्ष 1992 में तत्कालीन डीएम द्वारा जिला उद्यान विभाग को कुछ जमीन कार्यालय बनाने के साथ ही पौधशाला व अन्य उपक्रमों के लिए 99 साल की लीज पर दी गई थी। जिला उद्यान अधिकारी सत्येंद्र पाल मान के अनुसार, बुधवार दोपहर नगरपालिका की एक टीम जेसीबी लेकर कंपनी बाग पहुंची और सीधे उनके विभाग की दीवार को ध्वस्त कराना शुरू कर दिया। इससे विभाग के कीमती पौधे नष्ट होने के साथ ही काफी नुकसान हुआ।
जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार, उन्होंने टीम का नेतृत्व कर रहे पालिका के अधिशासी अधिकारी, कर अधीक्षक और क्षेत्रीय सभासद समेत अन्य लोगों को लीज संबंधी कागजात भी दिखाए, लेकिन किसी ने एक न सुनी। इस मामले में जिला उद्यान अधिकारी सत्येंद्र पाल मान की ओर से सिविल लाइंस थाने में पालिका ईओ, कर अधीक्षक व क्षेत्रीय सभासद समेत 50-60 अज्ञात के खिलाफ विभागीय संपत्ति का नुकसान करने व दुर्व्यवहार के आरोप में तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जिला उद्यान विभाग के पास जमीन की लीज संबंधी कागजात होने के बावजूद उसकी दीवार को गिराया गया था, जिससे विभाग का नुकसान हुआ। विभागीय अधिकारी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।