ग्रामीणों के विरुद्ध कार्य रुकवाने पर रिपोर्ट दर्ज
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। मुजफ्फरनगर व सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर स्कूल के सामने उपशा द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाए जाने पर 12 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मुजफ्फरनगर व सहारनपुर स्टेट हाईवे पर रोहाना में मिट्टी के पुल के निर्माण कार्य को लेकर तीन वर्ष पूर्व किसानों और व्यापारियों ने विरोध कर पिलर के पुल की मांग की थी। निर्माण कार्य तब से ही अधूरा पड़ा हुआ था। शिव मूर्ति के पास एक वर्ष पूर्व एक दंपती सहित तीन लोगों की वाहनों की भिड़ंत में मौके पर मौत हो गई थी और चार लोग घायल हो गए थे। अधूरे पड़े सड़क और पुल की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई, जिसका शासन व प्रशासन द्वारा संज्ञान लेकर सुरक्षा की दृष्टि से पुलों को तोड़ कर सड़क को समतल कर एक माह से सड़क पर दोनों ओर डिवाइडर बनाकर फोरलेन के साथ ही सर्विस लेन का कार्य तेजी से चल रहा है। शिवमूर्ति से पेट्रोल पंप तक करीब 6 सौ मीटर पर अमृत इंटर कालेज के सामने ग्रामीणों ने कार्य रुकवा दिया। टोल के अधिकारी एके सिंह ने थाने में योगेश त्यागी, तरुण त्यागी सहित 12 ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दो दिन पूर्व रोहाना खुर्द के तीन भाकियू नेताओं के खिलाफ चौकी प्रभारी के द्वारा मुकदमा लिखा गया। टोल अधिकारी ने बताया कि कई बार ग्रामीणों को समझाया गया। इस मामले की जांच की जा रही है।