अपहरण और नकदी-जेवर हड़पने की रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर, भोपा। शादी से कुछ दिन पूर्व प्रेमी संग घर से गई युवती की शादी टूट गई। युवती के परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ नकदी-जेवर हड़पने और अपहरण के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोपा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का गांव के ही युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। युवक शादीशुदा था। उधर, युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी और करीब दस दिन बाद उसकी शादी होनी थी। तीन दिन पूर्व ही युवती को बहला फुसलाकर युवक ले गया। युवती का आरोप है कि प्रेमी के झांसे में आकर वह शादी के लिए रखे गहने और नकदी भी ले गई थी, लेकिन आरोपी प्रेमी उसे जिला अस्पताल के बाहर छोड़कर नकदी-जेवर लेकर फरार हो गया। युवती के ससुराल पक्ष को इसका पता चला तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। शुक्रवार को युवती के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ युवती के अपहरण और नकदी-जेवर हड़पने के आरोप में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।