मीरापुर/शाहपुर। लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को पुलिस ने कड़ी फटकार लगाई। छह लोगों के विरुद्ध कोविड की गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया। साथ ही कई वाहनों के चालान भी काटे।
सोमवार को एसएसपी अभिषेक यादव जैसे ही कस्बे के निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कर्फ्यू में चल रहे मकान के निर्माण को रुकवा दिया व मकान मालिक मुरसलीन निवासी सराय गेट सहित पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद बाजारों में बिना अनुमति के खुली कपड़े व अन्य दुकानों को खोलने और कोविड गाइड लाइन का पालन न करने वालों दुकानदारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया गया। वहीं अनावश्यक व सड़कों पर वाहनों पर घूम रहे 24 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए। एसएसपी अभिषेक यादव ने कस्बे का निरीक्षण कर पुलिस को कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
उधर, शाहपुर में एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव और सीओ बुढ़ाना विनय गौतम के नेतृत्व में पुलिस ने पुलिस चौकी के सामने मुख्य चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बेवजह घूमने वाले 37 वाहन सवार लोगों के चालान काटे और 5300 रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा दोनों अधिकारियों ने कस्बे में पैदल भ्रमण कर नागरिकों से कोरोना गाइड लाइंस का पालन करने की अपील की। इससे पूर्व पुलिस ने गांव बरवाला में भी पैदल गश्त कर कोरोना कर्फ्यू का पालन कराया।