मुजफ्फरनगर। गांव सहावली निवासी युवक की करीब तीन माह पूर्व संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में परिजनों ने कोर्ट के आदेश पर उसकी पत्नी समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजन पहले भी हत्या का आरोप लगा रहे थे, लेकिन पुलिस ने इसे हादसा बताते हुए कार्रवाई नहीं की थी।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव सहावली निवासी सोनू का अपनी पत्नी राधा निवासी गांव बिलासपुर से विवाद चल रहा था। आरोप है कि राधा के गांव सहावली निवासी दीपक से प्रेम संबंध थे और वह उसी के साथ गांव बिलासपुर में रह रही थी। पति-पत्नी के बीच इसे लेकर कोर्ट में वाद भी विचाराधीन है। गत 19 नवंबर 2019 की दोपहर दो बजे सोनू शहर के जानसठ बस स्टैंड से संदिग्ध हालात में लापता हो गया था, जिसकी लाश अगले दिन गांव सहावली के नाले से बरामद हुई थी। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने सोनू के शराब पीकर नाले में गिरकर मरने की बात कहते हुए कार्रवाई से इंकार कर दिया था। मामले में सोनू के पिता शीशपाल ने अब कोर्ट के आदेश पर पुत्रवधू राधा, उसके प्रेमी दीपक, राधा के पिता तीरथपाल, भाई आशीष व मां रीना पर बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।