व्यापारी सहित पांच केे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण के बावजूद लापरवाही दिखा रहे लोगों के खिलाफ रविवार को पुलिस-प्रशासन काफी सख्त रहा। रविवार को पुलिस ने बिना अनुमति की दुकानें खोलने पर व्यापारी सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चार को गिरफ्तार भी किया, जबकि एक दुकानदार को चेतावनी दी गई।
कोरोना कर्फ्यू को लेकर लोगों की लापरवाही को देखते हुए पुलिस-प्रशासन रविवार को पूरी तरह सख्त हो गया। पुलिस ने सुबह से ही गश्त शुरू करते हुए बिना अनुमति व समय पूर्व खुलने वाली दुकानों को बंद करा दिया। वहीं, सब्जी मंडी व दाल मंडी में उमड़ रही भीड़ को सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया और सुबह निर्धारित समय पर ही दोनों मार्केट्स पूरी तरह से बंद करा दी गईं। इसके साथ ही लोगों की बेवजह हो रही आवाजाही को रोकने के लिए शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। शिवचौक पर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा और अलमासपुर चौराहे पर इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने चेकिंग अभियान की कमान संभाले रखी। वहीं, कोरोना कर्फ्यू के बावजूद बिना अनुमति के दुकानें खोलने वाले व्यापारियों पर भी पुलिस ने रविवार को कड़ी कार्रवाई की। नई मंडी थाना पुलिस ने गांव अलमासपुर में निर्माण सामग्री की दुकान खोलने पर व्यापारी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। क्राइम इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि बिना अनुमति के दुुकान खोलने वाले अलमासपुर निवासी सुनील कुमार, राजस्थान के नागोर थाना क्षेत्र के गांव पर्वतसर निवासी वीरमाराम उर्फ बीरू व निजाम, मोतीमहल निवासी सचिन वर्मा और मोहल्ला खालापार निवासी सदाकत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें सदाकत फरार है, जबकि अन्य चारों का चालान कर दिया गया है। उधर, सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भी अंसारी रोड पर दुकान खोलकर बैठे एक व्यापारी को हिरासत में ले लिया। आरोपी को थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई कर चेतावनी देकर छोड़ा गया।