दहेज हत्या में पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव दाहौड़ में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवाहिता की हत्या के मामले में सीओ खतौली को जांच सौंपी गई है।
रविवार की रात गांव दाहौड़ में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृत विवाहिता का पंचनामा भर शव को परीक्षण के लिए भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मेरठ के गांव बडला कैथावाडा निवासी सोमपाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी शीतल की शादी 25 फरवरी 2015 को खतौली थाना क्षेत्र के गांव दाहौड़ निवासी विशाल के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बोलरो की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी पुत्री का उत्पीड़न कर रहे थे। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री शीतल की सोमवार सुबह ससुराल वालों ने हत्या कर दी। मामला दहेज हत्या का होने के कारण मामले की जांच सीओ खतौली राकेश सिंह को सौंपी गई है। सीओ राकेश सिंह का कहना है कि पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। विवाहिता पक्ष का कहना है कि शादी 2015 में की गई है, जबकि ग्रामीण और आरोपी पक्ष के लोगों का कहना है कि शादी 2014 में की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।