बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार शाम जंगल में गई 80 साल की वृद्धा के साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया। वृद्धा के विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर, काफी देर तक घर नहीं लौटने पर वृद्धा को तलाश करने पहुंचे परिजनों ने उसे हवस का शिकार बनाते आरोपी को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने वृद्धा के साथ ही आरोपी को भी ग्रामीणों से छुड़ाकर सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी 80 साल की वृद्धा बुधवार शाम करीब सात बजे जंगल की तरफ गई थी। इसी दौरान वृद्धा को अकेली पाकर गांव के ही युवक ने उसे बदनीयती से दबोच लिया और खींचकर तालाब के पास स्थित एक खेत में ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने वृद्धा के साथ दुष्कर्म की। वृद्धा के विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए बुजुर्ग महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर, काफी देर तक भी वृद्धा के घर नहीं लौटने पर आशंकित परिजन जब उसकी तलाश करते हुए तालाब के पास पहुंचे।
खेत से वृद्धा की चीखपुकार सुनकर मौके पर लोगों ने देखा कि आरोपी बुजुर्ग महिला को अपनी हवस का शिकार बना रहा था। इस पर लोगों ने आरोपी को रंगेहाथ दबोच लिया, जिसके बाद युवक की हरकत से गुस्साए ग्रामीणों ने उसे पकड़कर मौके पर ही पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ बुढ़ाना विजय प्रकाश और इंस्पेक्टर यशपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए बामुश्किल उनके कब्जे से युवक को छुड़ाया।
इसके बाद बुजुर्ग महिला व आरोपी को सीएचसी भेजा गया, जहां से दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भी वृद्धा को नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है।
आरोपी युवक को गांव में घुसने नहीं देंगे
बुढ़ाना। थाना क्षेत्र के गांव में युवक द्वारा अपनी दादी की उम्र की 80 वर्षीया वृद्धा के साथ दुष्कर्म की शर्मसार वारदात से संबंधित गांव के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों में वारदात को लेकर शर्मिंदगी है। ग्रामीणों ने कहा कि आरोपी को गांव में घुसने नहीं देंगे।
इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि वृद्धा के साथ एक युवक ने दुराचार की घटना को अंजाम दिया है। पिटाई से वृद्धा के साथ ही युवक की भी हालत गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, वृद्धा की स्थिति को देखते हुए उसे एक महिला व पुरुष पुलिसकर्मी की देखरेख में मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया है। वृद्धा के बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।