जानसठ। कस्बे की गली-मोहल्लों की फुटकर दुकानों में लॉक डाउन के तीसरे दिन ही राशन का सामान खत्म होना शुरू हो गया है। सामान बाहर से नहीं आ पाने के चलते दुकानों पर राशन के सामान की किल्लत होनी शुरू हो गई है। इसके चलते अधिकांश गली मोहल्लों की दुकानें सुबह खुलने की छूट के समय से पूर्व ही दुकानदारों को बंद करनी पड़ी। प्रशासन ने भी अभी तक लोगों को उनके घर तक सामान पहुंचाने की व्यवस्था नहीं की गई है।
कस्बे के कई मोहल्लों में राशन की फुटकर दुकानें हैं, जहां से गरीब तबका सामान खरीदता है। शुक्रवार को लॉक डाउन को तीसरे दिन ही गली मोहल्लों की दुकानों से राशन खत्म होना शुरू हो गया है। दुकानदार खतौली व मुजफ्फरनगर से थोक व्यापारियों से घोड़ा तांगे में राशन का सामान मंगाते हैं। लेकिन लॉक डाउन के चलते राशन का सामान नहीं मंगा पा रहे। नवरात्र व्रत का सामान भी कम पड़ने लगा है। राशन खत्म होने के चलते शुक्रवार को कुछ दुकानदारों ने दुकानें निर्धारित सीमा से एक घंटा पहले ही बंद कर दी थी। अगर ऐसा ही रहा तो गरीब लोग लॉक डाउन के 21 दिन कैसे गुजारेंगे। उनको रोजमर्रा का घरेलू सामान कैसे मिल सकेंगा।
खतौली मंडी से नहीं आ सका राशन का सामान
दुकानदार विपिन का कहना है कि वे खतौली मंडी से राशन का सामान मंगवाते हैं। लॉक डाउन होने की वजह से कोई भी वाहन नहीं चल रहा है। घोड़ा तांगे वालों ने भी मंडी में जाने से मना कर दिया है। सुबह के समय खतौली मंडी जाने के लिए खतरा है। इसलिए राशन का सामान नहीं आ सका है। जिस कारण राशन का सामान खत्म होने लगा है। नवरात्र व्रत में श्रद्धालुओं के खाने का भी सामान कम ही बचा है।
थोक की दुकानों से खरीदें सामान
थाना प्रभारी योगेश शर्मा का कहना है कि लॉक डाउन में सुबह 6 बजे से 9 बजे तक बाजारों में थोक की दुकानें खोलने की छूट दी गई है। कस्बे के लोग सुबह के समय तीन घंटे के भीतर एक-एक करके थोक की दुकानों से राशन खरीद सकते हैं। कस्बे के लोगों को राशन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मैनुअल के हिसाब से कस्बे व गांवों में सामान मिलेगा
एसडीएम कुलदीप मीणा का कहना है कि बाजारों में भीड़भाड़ रोकने के लिए मैनुअल के हिसाब से कस्बे व गांवों में लोगों को सुविधा देने के लिए राशन व सब्जियां मुहैया कराई जाएगी। लॉक डाउन में प्रशासन की ओर घर घर पहुंचकर प्रत्येक परिवार को सब्जी व राशन पहुंचाया जाएगा। शीघ्र की इसकी व्यवस्था कर दी जाएगी।