तीन लाख पात्रों को राशन वितरित, दो लाख नए राशन कार्ड भी बनाए गए
मुजफ्फरनगर। वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के दौरान कोई भूखा न रहे, इसके लिए अब तक जनपद में तीन लाख लोगों को राशन सामग्री वितरित की जा चुकी है। इसके साथ ही दो लाख नए राशन कार्ड भी बनाए गए हैं।
केंद्रीय पशुधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने एटूजेड कॉलोनी स्थित अपने आवास पर रविवार सुबह अमर उजाला से हुई वार्ता में बताया कि लॉकडाउन से देश में कोरोना के संक्रमण को काफी हद तक काबू में किया गया है। केंद्र सरकार की नीतियों के बल पर ही अन्य देशों की अपेक्षा भारत काफी बेहतर स्थिति में है। निजामुद्दीन मरकज से जुड़े कोरोना कनेक्शन के संबंध में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी वर्ग से जुड़ा हुआ हो, ऐसे समय में देशहित में खुद सामने आकर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान अब तक जनपद में करीब तीन लाख लोगों को राशन वितरित किया जा चुका है। इसके साथ ही दो लाख नए राशन कार्ड भी बनाए गए हैं, जिन पर एक अप्रैल से लगातार राशन वितरित किया जा रहा है।
समर्थकों में बढ़ा बाल कटाने का क्रेज
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने हाल ही में दिल्ली प्रवास के दौरान अपने बालों को कटा लिया था। केंद्रीय राज्यमंत्री के बाल कटाने का क्रेज उनके समर्थकों में भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में शहर-देहात क्षेत्र के मंत्री समर्थकों ने भी अपने बाल कटवा लिए हैं। रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री के आवास पर ऐसे समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद थी, जो अपने चहेते नेता के नक्शे-कदम पर चलते हुए अपने बाल कटवा चुके हैं।