संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। राशन डीलरों पर उपभोक्ताओं को जबरदस्ती सामान देने का आरोप लगाकर चेयरमैन पुरकाजी ने जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
कस्बे के राशन डीलर राशन के साथ उपभोक्ताओं को सौ रुपए का साबुन, चाय पत्ती, जीरा, हल्दी आदि सामान जबरदस्ती दे रहे हैं। अगर कोई उपभोक्ता सामान लेने से मना करता है। तो राशन डीलर उस उपभोक्ता को राशन देने में आनाकानी करते हैं। इसकी शिकायत शनिवार को कुछ उपभोक्ताओं ने पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी से की।
चेयरमैन ने जिला पूर्ति अधिकारी को मामले से अवगत कराकर मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही। चेयरमैन का कहना है कि राशन डीलरों की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी।
क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी का कहना है कि मुख्यमंत्री ने राशन डीलरों को 35 वस्तुएं रखने के लिए शासनादेश जारी किए थे। जो उपभोक्ता स्वेच्छा से सामान लेता है। उसे ही सामान दिया जाएगा। उपभोक्ता को जबरदस्ती सामान देने वाले राशन डीलर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।