रमजान माह को लेकर आला अफसरों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। डीएम ने जिले के विभागीय अधिकारियों की मीटिंग लेकर बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मस्जिदों के बाहर विशेष तौर पर सफाई रखी जाएगी। रमजान माह की समस्याओं के निराकरण के लिए एडीएम प्रशासन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डीएम जीएस प्रियदर्शी ने जिला पंचायत सभागार में रमजान माह को लेकर बिजली, पानी की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के आला अफसरों की मीटिंग ली। डीएम ने कहा कि रमजान माह में विद्युत कटौती नहीं होगी, 24 घंटे आपूर्ति रहेगी। शहर में कहीं भी विद्युत की समस्या है तो विभागीय अधिकारी उसे तत्काल पूरी कराएं।
उन्होंने कहा कि सफाई, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएं। रमजान में पानी की अधिक खपत होती है, इसके लिए पालिका प्रशासन ट्यूबवेल पर जनरेटर की व्यवस्था करें। शहर की तमाम मस्जिदों के निकट सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। ईओ पर सफाई व्यवस्था में ढिलाई होने पर नाराजगी जाहिर की।
एसडीएम को टाउन एरिया क्षेत्रों में विद्युत, जलापूर्ति एवं सफाई व्यवस्था के विशेष प्रबंध रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिन मुख्य मार्गों पर विद्युत लाइटें खराब पड़ी हैं, उन्हें जल्द ठीक कराया जाएं। एसपी सिटी राजेश कुमार ने कहा रमजान माह में पुलिस पूरी तरह से सतर्क रहेगी। प्रत्येक प्वाइंट पर यूपी 100 डायल की गाड़ी घूमेगी। एडीएम प्रशासन मनोज कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो रमजान माह में आने वाली समस्याओं के निपटारे के लिए संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर उसे हल कराएंगे।
उधर, डीएम ने जिला स्वास्थ्य विभाग को रमजान माह के लिए अलर्ट किया है। रमजान में कोई रोगी पहुंचे तो उसे तत्काल उपचार दिलाया जाएं। इसके लिए डॉक्टरों की विशेष टीम बनाई जाएं। बैठक में सीडीओ अंकित कुमार अग्रवाल, सीएमओ डॉ. पीएस मिश्रा, एडीएम प्रशासन मनोज चौहान, एडीएम वित्त सुनील सिंह, एसपी देहात विनीत भटनागर, नगर मजिस्ट्रेट मोहम्मद नईम, सीएमएस डॉ. पंकज अग्रवाल, ईओ अजीत सिंह, एक्सईएन केपी पुरी, मुफ्ती जुल्फिकार, कारी खालिद आदि मौजूद रहे।
सोशल मीडिया बन रही चिंता
मुजफ्फरनगर। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया बड़ी समस्या बन रहा है। पलभर में अफवाहों के फैलने से माहौल गर्म होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि कानून हाथ में न लें, सोशल मीडिया से सचेत रहें और लोगों को भी रखें। अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।