मुजफ्फरनगर। नशीली प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के मामले में राजस्थान पुलिस ने शहर की जिला परिषद मार्केट में एक मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा। जानकारी जुटाकर टीम वापस लौट गई।
बृहस्पतिवार दोपहर में राजस्थान पुलिस की चार सदस्यीय पुलिस टीम महिला दरोगा के साथ जिला परिषद मार्केट में पहुंची। सूचना पर मेडिकल व्यवसायी भी वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस टीम से पूरे मामले की जानकारी ली। काफी समय तक दोनों पक्षों में बात हुई। टीम एक आरोपी युवक को भी साथ लिए थी। उसी की निशानदेही पर पूछताछ करते हुए टीम उक्त मेडिकल एजेंसी तक पहुंची थी, जो युवक पुलिस टीम की गिरफ्त में था, वह नई मंडी क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है।
वह प्रतिबंधित दवाओं को बेचता था। इसी मामले में उसे राजस्थान पुलिस टीम ने पकड़ा था। राजस्थान पुलिस ने बताया कि उनके यहां एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ है। पकड़े गए युवक को व्यापारी के पास पहचान कराने के लिए लाया गया था। थाना सिविल लाइन प्रभारी संतोष त्यागी ने बताया कि राजस्थान पुलिस टीम के आने की जानकारी नहीं है।