फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश का कहर: मुजफ्फरनगर में दर्जनों मकान गिरे, दो महिलाओं की मौत; करंट लगने से दो घोड़ों की जान गई

Fri, 10 Jul 2026 07:44 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, मुजफ्फरनगर

सार

Muzaffarnagar News: जिले में रिकॉर्डतोड़ बारिश के कारण लगातार नुकसान हो रहा है। बारिश से कच्चे या कमजोर हो चुके मकान गिर गए। मिल मंसूरपुर में सरोज और लच्छेड़ा गांव में सुखबीरी की मौत हो गई। इसके अलावा भी जिले में कई जगह हादसों में लोग घायल हुए हैं। 
विज्ञापन
सरोज की फाइल फोटो और मिल मंसूरपुर में गिरा मकान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में लगातार हुई बारिश आफत बन गई। मिल मंसूरपुर में मकान गिरने से सरोज (60) और लच्छेड़ा में छत का मलबा सिर पर गिर जाने से सुखबीरी (60) की मौत हो गई। नावला में करंट की चपेट में आने से दो घोड़े और चरथावल में मवेशी की मौत हुई। अलग-अलग जगह हुए हादसों में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
विज्ञापन

 

रतनपुरी में गिरा मकान। - फोटो : अमर उजाला
मंसूरपुर की सुभाष कॉलोनी में तड़के चार बजे मकान में सो रही सरोज (60) और उसका मजदूर पति कृष्णपाल छत और दीवारों के मलबे में दब गए। कमरे के बाहर सो रहे उनका बेटा आकाश बाल-बाल बच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। परिवार को मलबे से निकालकर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर ले गए लेकिन यहां सरोज की मौत हो गई। खतौली से राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसडीएम खतौली ललित कुमार का कहना है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद कराई जाएगी।
 

क्षेत्र के लच्छेड़ा गांव के प्रधान कुलदीप सिंह ने बताया कि सुखबीरी (60) अपनी पोती वर्तिका (11) और माही (08) के साथ कमरे में सो रही थी। बारिश के दौरान छत से पत्थर की सिल्ली का मलबा बुजुर्ग महिला के सिर पर गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार ने बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला। महिला का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
 

शाहपुर के गांव निरमानी निवासी टिंकू गांव नावला में आयोजित शादी समारोह से घोड़ा-बग्गी लेकर वापस लौट रहा था। नावला के पास बिजली के खंभे के पास पानी में करंट उतरने से दोनों घोड़े चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में टिंकू बाल-बाल बच गया। सीओ खतौली रुपाली राय का कहना है कि दोनों घोड़ों का पोस्टमार्टम कराया है।
 

मंसूरपुर में ब्रेक फेल होने से थाना सिखेड़ा की डायल 112 गन्ने के खेत में पलट गई। थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी का कहना है कि किसी को चोट नहीं आई है। हाइड्रा की मदद से गाड़ी को गन्ने के खेत से बाहर निकाल लिया गया है।
मीरापुर के भुम्मा रोड पर आस मोहम्मद सैफ़ी के मकान की दीवार का मलबा पड़ोसी अरशद सैफ़ी की ऑल्टो कार पर गिर गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। मंसूरपुर के सोंहजनी तगान पुलिस चौकी की दीवार गिर गई।
 

तेवड़ा और जटवाड़ा में गिरे मकान, कई घायल
ककरौली क्षेत्र के तेवड़ा गांव में बृहस्पतिवार रात ताहिर हलवाई के कच्चे मकान की छत गिरने से 79 वर्षीय ताहिर, उसकी पत्नी 75 वर्षीय रईसा घायल हो गए। घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जटवाड़ा गांव में दो सगे भाइयों गुलशनव्वर व गुलशेर का कच्चा मकान है। 

शुक्रवार सुबह परिजन घर में बैठे थे कि अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। छत के मलबे में दबकर गुलशनव्वर की पत्नी बानो व गुलशेर के तीन बच्चे अलकमा (15), इनाया (3) व डेढ़ वर्षीय मोहम्मद अहमद घायल हो गए। ककरौली पुलिस व ग्रामीणों की सहायता से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा जानसठ सीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक, एसडीएम जानसठ रश्मि लांबा व तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
 
विज्ञापन

बारिश में तीन मकान गिरे, मवेशी की मौत
चरथावल के गांव दधेडू खुर्द में कच्चा मकान गिरने से महिपाल की भैंस की मलबे में दबकर मौत हो गई। मंगनपुर में ग्रामीण ईश्वर का मकान गिर गया, परिवार किसी तरह बचा। भाकियू नेता विकास शर्मा ने राजस्व विभाग को सूचित किया। महाबलीपुर में जयपाल कश्यप का मकान गिरने से घरेलू सामान दबकर नष्ट हो गया। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान संजय त्यागी ने प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किया। नायब तहसीलदार सुनील कुमार और कानूनगो सहित राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं। उधर, रोनी हरजीपुर में प्रधान विनोद पुंडीर ने डीजल पंप लगवाकर बस्तियों का पानी निकलवाया। संवाद
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें