खतौली में भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने रेलवे का काम रोका।
- फोटो : KHATAULI
खतौली। रेलवे विभाग द्वारा किसानों की भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा नहीं मिलने के कारण शनिवार को मढ़करीमपुर में चल रहे काम को भाकियू (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने बंद करा दिया। उन्होंने किसानों की भूमि का उचित मुआवजा न दिए जाने तक काम बंद रखने की चेतावनी दी।
माल कॉरिडोर बनाने के लिए जनपद के 26 गांवों के 23 सौ किसानों की भूमि का अधिग्रहण रेलवे विभाग द्वारा किया गया था। भूमि का उचित मुआवजा नहीं दिए जाने के कारण किसान त्रस्त हैं। भाकियू (तोमर) के ब्लाक अध्यक्ष विशाल अहलावत किसानों व कार्यकर्ताओं के साथ मढ़करीमपुर पहुंचे। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों को काम करने से मना करते हुए काम रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि गांव भैंसी में कुछ समय पहले प्रदर्शन किया गया था। उस समय एडीएम ने रेट निर्धारित करने से पहले किसानों से बात करने का आश्वासन दिया था, लेकिन किसानों की भूमि का 550 रुपये प्रति मीटर मुआवजा फाइनल कर दिया गया। जो किसानों को मंजूर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 29 जून तका किसानों को सही मुआवजा नहीं दिया गया, तो वह आंदोलन करने को विवश होंगे। भाकियू नेता राजू अहलावत से बात की गई तो उन्होंने बताया कि रेलवे भूमि अधिग्रहण के उचित मुआवजे को लेकर भारतीय किसान यूनियन पिछले पांच वर्ष से सहारनपुर, मेरठ ओर दिल्ली तक लड़ रही है। हमारी आज भी वही मांग है कि जिले में जो अधिकतम मुआवजा मिला है, वो सभी 26 अधिग्रहीत गांवों को मिले। राजू अहलावत ने कहा कि संगठन किसानों के साथ है। जिला प्रशासन से मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी जाएगी और कंपनी के ठेकेदारों को चेतावनी है कि अगर किसानों की भूमि पर जबरन कार्य करवाने की कोशिश की तो कंपनी के अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। भूमि अधिग्रहण के मुद्दे को लेकर जल्दी ही बड़ी पंचायत की जाएगी।
राज्यमंत्री से समस्याओं के समाधान की मांग
खतौली। प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल नगर में भाजपा के वरिष्ठ नेता मदन छाबड़ा के आवास पर उनकी माता के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे। मंत्री को व्यापारियों ने चैपट विद्युत व्यवस्था के संबंध में अवगत कराया गया। इसके अलावा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक सभा जिला स्तर पर बुलाने का निवेदन भी किया गया।