राहुल की सभा के लिए रिहर्सल के समय लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर के तितावी में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मंगलवार को बघरा में खाटसभा बस अड्डे पर होगी। एसपीजी टीम ने बघरा इंटर कॉलेज के मैदान को जनसभा के लिए अनफिट कर दिया। पुलिस ने सभा स्थल बस स्टैंड के दुकानदारों को सभा के दौरान अपनी दुकानें बंद रखने को कहा है।
राहुल गांधी की जनसभा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। सोमवार को एसपीजी के आईजी जेपी शाही ने अपनी टीम के साथ बघरा पहुंच कर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने सभा आयोजक चरथावल के पूर्व ब्लाक प्रमुख रंजनवीर सिंह को साथ लेकर सभा स्थल का निरीक्षण किया।
सभा स्थल बघरा इंटर कॉलेज के मैदान की स्थिति सही नहीं होने और पर्याप्त सुविधाओं की कमी के चलते एसपीजी अधिकारियों ने सभा को वहां करने की अनुमति नहीं दी। जिसके बाद इस सभा को बघरा बस स्टैंड पर करने का निर्णय लिया गया।
एसपीजी के आईजी जेपी शाही ने बताया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष अब मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन से मुजफ्फरनगर के विभिन्न मार्गों से रोड शो करते हुए। सड़क मार्ग से बघरा पहुंचेंगे। बघरा में होने वाले इस समारोह के दौरान यहां पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। सड़क मार्ग में लगे बिजली के तारों को भी सही कराया गया है। उधर, स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया।
पुलिस ने बस स्टैंड पर समारोह के दौरान स्थानीय मार्केट को बंद करने के आदेश दुकानदारों को दिए है। दूसरी ओर, आयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख रंजनवीर सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के रोड शो और जनसभा को लेकर जनता में काफी उत्साह है।