चरथावल मोड़ पर शव रखकर जाम लगाते लकड़संधा के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क हादसे में मारे गए ग्रामीण के शव को सड़क पर रखकर चरथावल मोड़ पर जाम लगा दिया। सीओ सिटी और एसडीएम सदर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
जाम खुलवाने पहुंचे अधिकारियों से परिजनों ने मुआवजे की मांग की। अधिकारियों ने परिजनों को उचित क्लेम का आश्वासन दिया है। सहमति बनने पर परिजनों ने शव का गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
शहर कोतवाली के लकड़संधा निवासी जसबीर (50) को शनिवार रात चरथावल मोड़ पर कार ने टक्कर मार दी थी। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद गाड़ी को भी पकड़ लिया। रविवार शाम परिजन मोर्चरी से शव को गांव लेकर जा रहे थे। इसी दौरान चरथावल मोड़ पर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर पुलिस में अफरातफरी मच गई। सीओ सिटी डॉक्टर तेजवीर सिंह और एसडीएम सदर बाबूराम गुप्ता तीनों थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से वार्ता की। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीएम सदर ने किसान दुर्घटना बीमा और मुख्यमंत्री राहत कोष आदि से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया। दोनों पक्षों में सहमति बनने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।