लगातार 14वें दिन जारी रहा टोल प्लाजा पर धरना
छपार/रोहाना (मुजफ्फरनगर)। कृषि कानूनों के विरोध में छपार व रोहाना स्थित टोल प्लाजा पर चल रहा भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना लगातार 14वें दिन भी जारी रहा। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत के पुत्र चरणसिंह टिकैत ने धरने पर डटे कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई करते हुए कृषि कानून वापस होने तक धरना जारी रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों के हक को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आरपार लड़ाई से अब कोई पीछे नहीं हटेगा।
दिल्ली-दून हाईवे पर छपार स्थित टोल प्लाजा पर कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर मंगलवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के पुत्र चरणसिंह टिकैत भी पहुंचे। यहां उन्होंने लगातार 14 दिन से धरने पर डटे भाकियू कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने धरने पर मौजूद कार्यकर्ताओं से मंत्रणा करने के बाद एलान किया कि कृषि कानून वापस लिए जाने तक धरना जारी रखा जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि धरने को शांतिपूर्ण तरीके से चलाएं, जिससे आम आदमी को किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं, जरूरतमंद राहगीरों को खाना खिलाएं और यदि कोई पीड़ित किसान आए तो उसकी भी हरसंभव मदद करें। मंगलवार को धरनास्थल पर भाकियू ग्राम अध्यक्ष ललित त्यागी, मौहम्मद फरमान, मोनू ठाकुर, आकाश, धर्मेंद्र मुखिया, शहजाद त्यागी, कय्यूम अंसारी, मोनू त्यागी, सतीश चंद्र और मास्टर ओमपाल आदि मौजूद रहे।
उधर, रोहाना टोल प्लाजा पर भी भाकियू का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरनास्थल पर ही खाना बनाकर वितरित किया। कार्यकर्ताओं ने कृषि कानून खत्म होने तक धरना जारी रखने की घोषणा की। इस मौके पर बबलू, आदेश, मनोज और ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।