संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। परासौली बिजलीघर पर तैनात नवनियुक्त एसएसओ को हटाने के विरोध में चौबीसी खाप क्षेत्र में उबाल आ गया। खाप चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीण बिजली पर पहुंचे। हंगामा प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीण धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने जेई व एसडीओ को अपने बीच बैठाया। साथ ही एक्सईएन को अपनी सात मांगों को ज्ञापन दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कमरूद्दीननगर निवासी रितिक उर्फ जोनी की पिछले सप्ताह परासौली बिजली घर पर एसएसओ के पद पर नियुक्ति हुई थी। आरोप है कि बिजली घर के जेई ने दो दिन काम करवाने के बाद ड्यूटी रजिस्टर में उसकी हाजरी लगवाई। जेई सुनील ने तीन दिन बाद उसे हटा दिया। कहा कि उसके स्थान पर किसी अन्य को रख लिया गया है। घटना की सूचना से चौबीसी खाप में उबाल आ गया। खाप चौधरी ठाकुर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण सोमवार को परासौली बिजली घर पर पहुंचे। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया।
एसएसओ रितिक की नियुक्ति, जेई सुनील को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही एसडीओ व जेई ग्रामीणों के बीच पहुंचे। प्रदर्शन करने वालों ने उन्हें अपने बीच बैठा लिया। एक्सईएन अजीत सिंह यादव धरना स्थल पर पहुंच गए। इस मौके पर ग्रामीणों ने अपनी सात मांगों का ज्ञान एक्सईएन को दिया। एक्सईएन ने उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर ठाकुर चौबीसी के बाबा ठाठ सिंह, कृष्ण कुमार, मदन सिंह, ईश्वर सिंह, पिंटू ठाकुर, अमित कुमार व संजय कुमार सहित चौबीसी खाप के दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।