-मामले का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने कार्रवाई के दिए थे आदेश
तितावी। क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला अपने प्रेमी की दूसरी प्रेमिका के डर से बच्चों व सामान लेकर बिना बताए गांव छोड़कर चली गई। मामले का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला का थानाभवन क्षेत्र के युवक से इंस्टाग्राम के जरिये प्रेम प्रसंग हो गया था। किसी तरह युवक और विधवा महिला के बीच प्रेम संबंध की जानकारी तितावी निवासी युवक की पहली प्रेमिका कोे मिल गई। वह अपने साथ गांव के ही युवक और कुछ महिलाओं को साथ लेकर विधवा महिला के घर जा पहुंची थी। उन्होंने हंगामा कर विधवा महिला के साथ मारपीट की थी। आरोप था कि पिटाई करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
हंगामे और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। एसएसपी ने वीडियो का संज्ञान लेकर तितावी पुलिस को जांच कर मारपीट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।
उधर, विधवा महिला मारपीट व धमकी से घबरा गई। वह घर का सामान छोटे हाथी (टेंपों) में भरकर अपने दो बच्चों को साथ लेकर गांव से चली गई।
थाना पुलिस ने बताया कि विधवा महिला से काफी प्रयासों के बाद भी संपर्क नही हो सका है। यदि मामले में तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
-