खतौली के गांव शेखपुरा में शुगर मिल प्रशासन के खिलाफ हंगामा प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : KHATAULI
खतौली। गांव जसौला मार्ग पर गांव शेखपुरा में सड़क पर शुगर मिल की छाई और मिट्टी की वजह से कीचड़ फैलने को लेकर ग्रामीणों ने शुगर मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मिल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शीघ्र ही मार्ग को ठीक कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
रेलवे स्टेशन के बराबर से होकर गुजरने वाला जसौला मार्ग जर्जर अवस्था में है। इसी मार्ग से शुगर मिल में आने जाने वाले वाहनों का आवागमन होता है। विगत दिनों शुगर मिल ने गांव शेखपुरा के कब्रिस्तान के निकट मिल से निकलने वाली छाई को डलवाया था। जिससे इस मार्ग पर छाई फैलने के बाद हुई बारिश से कीचड़ और फिसलन हो गई। जिस कारण इस मार्ग से निकलने वाले 12 गांवों के ग्रामीणों के आवागमन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कीचड़ की वजह से फिसलकर कई ग्रामीण चोटिल भी हुए हैं। शुक्रवार को गांव शेखपुरा के ग्राम प्रधान के पति धर्मपाल अधाना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शुगर मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मार्ग को ठीक कराने की मांग की। सूचना पर मिल के सुरक्षा अधिकारी सुशांत सिंह ने अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर मार्ग ठीक कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। मौके पर विनोद, सुशील, नसीम खान, शिवचरण, सीताराम, हरेंद्र ठाकुर, गुलशन, सुनील, डॉ. ओमपाल आदि रहे।