ककरौली। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कमल किशोर कंडारकर ने क्षेत्र के चौरावाला गांव का दौरा कर विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों को बताया कि जल्द ही गांव में समृद्धि केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे ग्रामीणों को रोजगार के अवसर, आवश्यक प्रशिक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
सीडीओ कंडारकर ने पंचायत घर, स्वास्थ्य उपकेंद्र, ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति व्यवस्था और सामुदायिक पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने सफाईकर्मियों को नियमित रूप से सफाई कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि गांव स्वच्छ और स्वस्थ बना रहे। जल विभाग के कर्मचारियों को ओवरहेड टैंक की नियमित सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने की हिदायत दी गई। इस अवसर पर ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) विशाखा, प्रधान सर्वेश कुमार, ग्राम पंचायत सचिव योगेश कुमार, अर्जुन सिंह और अंकित भी उपस्थित रहे।