जिला बार संघ ने कोर्ट फीस में भारी वृद्धि को लेकर कचहरी में नोवर्क रखा। दो दिवसीय हड़ताल के एलान के तहत बृहस्पतिवार को जिला बार संघ के बैनरतले वकीलों ने कचहरी में जुलूस निकालने के बाद प्रकाश चौक पर जाम लगाया। कैदी वाहन रोकने को लेकर पुलिसकर्मियों और वकीलों में झड़प भी हुई।
सरकार के कोर्ट फीस में बढ़ोतरी का वकील विरोध कर रहे हैं। बार की केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर बृहस्पतिवार को वकीलों ने नोवर्क कर विरोध प्रदर्शन किया। जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने हड़ताल पर जाते हुए कोर्ट फीस के विरोध में कचहरी में जुलूस निकाला। प्रकाश चौक पर पहुंचकर अधिवक्ताओं ने चारों तरफ से सड़क मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान जिला बार संघ अध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सस्ता और सुलभ न्याय की व्यवस्था करने के बजाय आम गरीब लोगों से न्याय पाने के लिए संवैधानिक अधिकार छीनने का प्रयास किया है। जिला बार के सचिव ने सरकार के इस फैसले को गरीब जनता के अधिकारों पर डाका बताते हुए निर्णय का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति के निर्णय के अनुसार 13 अक्तूबर को सभी अधिवक्ता विरोध स्वरूप नगर में बाइक रैली निकालेंगे।
प्रकाश चौक पर जाम के कारण घंटों तक राहगीर फंसे रहे। इस दौरान कुछ राहगीरों और पुलिसकर्मियों के साथ अधिवक्ताओं की तीखी नोकझोंक भी हुई। जाम लगने की सूचना पर सीओ सिटी हरीश भदौरिया मय फोर्स प्रकाश चौक पर पहुंचे। वहीं एडीएम प्रशासन हरीश चन्द्र भी वहां पहुंच गए। डेढ़ बजे अधिवक्ताओं ने सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपा और जाम खोल दिया।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से बार संघ के सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित, बिजेंद्र मलिक, भारतवीर, उदयवीर पोरिया, अशोक कुमार सिंह, प्रवीण गुड्डू, राजपाल चाहल, बृजबंधु, सुखपाल, जितेंद्र सिंह, यशपाल राठौर, सुल्तान मुशीर, महबूब आलम, उमेश सिंघल सहित सैकड़ों अधिवक्ता शामिल रहे।
राज्यपाल का मेरठ में विरोध करेंगे वकील
मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ के सचिव सुरेंद्र कुमार मलिक ने बताया पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी का 14 अक्तूबर को मेरठ आ रहे हैं। उनके आगमन पर विरोध किया जाएगा। इसमें जिले के अधिवक्ता भी शामिल रहेंगे।