संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर की महायोजना-2031 स्वीकृत होने के बाद मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण अब मुख्य कस्बों के सुनियोजित विकास का खाका खींचने की तैयारी कर रहा है। एमडीए की ओर से नौ अप्रैल को आयोजित होने वाली बोर्ड बैठक में खतौली और बुढ़ाना नगर की महायोजना तैयार करने का प्रस्ताव रखने की तैयारी है।
शहर के सुनियोजित विकास के लिए एमडीए ने महायोजना 2031 तैयार की है। पिछले महीने 29 मार्च को बाई सर्कुलेशन के जरिए महायोजना को बोर्ड की स्वीकृति प्रदान की गई। अब नौ अप्रैल को बोर्ड बैठक के आयोजन की तिथि निर्धारित कर दी गई। एमडीए की ओर से करीब 18 प्रस्ताव वाला एजेंडा तैयार किया जा रहा है।
इसमें एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव वर्ष 2025-26 का वार्षिक वित्तीय बजट भी रहेगा, जबकि बाई सर्कुलेशन के माध्यम से स्वीकृति के बावजूद महायोजना को बोर्ड के समक्ष भी रखा जाएगा।
-भविष्य के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव
आगामी बोर्ड बैठक में एमडीए खतौली और बुढ़ाना के विकास के लिए महायोजना तैयार करने का प्रस्ताव रखने जा रहा है। दोनों जगह सुनियोजित विकास और वहां आवासीय, औद्योगिक सहित अन्य व्यवसायिक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए प्रस्ताव तैयार किया गया है। बोर्ड की स्वीकृति मिलने पर दोनों कस्बा क्षेत्रों की महायोजना तैयार कराई जाएगी।
बेसमेंट में शौचालय का प्रस्ताव हो सकता है अंगीकृत
भवनों के बेसमेंट में शौचालय निर्माण की अनुमति एमडीए की ओर से नहीं दी जाती थी। शासन ने इस मामले में नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। नौ अप्रैल को आयोजित होने वाली बैठक में बेसमेंट मेंं शौचालय निर्माण की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा जाएगा, जबकि इस बार मानचित्र स्वीकृति भी महंगी होने जा रही है। एमडीए इस मामले में शुल्क की बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी ला रहा है।
-सुनियोजित विकास के लिए कृत संकल्पित : कुंवर बहादुर
एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह का कहना है कि एमडीए सुनियोजित विकास के लिए कृत संकल्पित है। बोर्ड बैठक में विकास के कई प्रस्ताव रखे जा रहे हैं। महायोजना-2031 और बजट स्वीकृति के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव बैठक में रखे जाएंगे।