-कस्बे में शीतल पेयजल के लिए लगने वाले आरओ के स्थान चिह्नित किए
शाहपुर। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में कस्बे के सर्वांगीण विकास के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में कस्बे में शीतल पेयजल के लिए लगने वाले आरओ के स्थान चिह्नित किए गए।
कस्बे के नगर पंचायत कार्यालय पर आयोजित बोर्ड की बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी की अध्यक्षता व अधिशासी अधिकारी दीपक कुमार के संचालन में हुई। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक सतीश पंवार ने बताया कि बैठक में उपस्थित सभासदों ने अपने-अपने वार्ड में विकास संबंधी प्रस्ताव दिए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में वार्ड एक व वार्ड तीन स्थित नलकूप से जलापूर्ति करने वाली पाइपलाइन के जर्जर होने के कारण बार-बार लीकेज होने पर पाइप लाइन को बदलवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा शासन की योजना के अंतर्गत कस्बे में नौ लाख रुपये की लागत से बनने वाले तीन पिंक शौचालय के स्थान मोहल्ला कस्सावान, मेन रोड व मालदा बाग स्थित अमृत सरोवर का चयन किया गया। कस्बे के तालाबों की सफाई व सुंदरीकरण के कार्य के प्रस्ताव शासन को भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में शीतल पेयजल के लिए कस्बे में सोलर पैनल से चलने वाले सात आरओ वाटर कूलर के स्थानों का चयन किया गया। बैठक में पथ प्रकाश की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विद्युत लाइट क्रय कर नई लाइटें लगवाए जाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में सभासद मनोज अरोड़ा ने नगर पंचायत की कान्हा गोशाला में मौजूद पशुओं के चारे के लिए सामाजिक लोगों से 45 हजार रुपये की धनराशि एकत्रित कर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को दी, जिस पर चेयरमैन व ईओ, सभासदों ने उनको सम्मानित किया। बैठक में सभासद सोनू सैनी, विशाल गर्ग, मनोज अरोड़ा, सतीश पाल, रीनू कुमार, मोहसिन रंगरेज, मनोज सैनी, आसिफ सलमानी, वकीला बेगम, नीतू देवी व मुश्तरी बेगम आदि सभासद मौजूद रहे।