मुजफ्फरनगर। आवेदन के बावजूद नाम और पता संबंधी त्रुटियां सामने आने पर पासपोर्ट जारी करने में आ रही समस्या को दूर कराया गया। दो दिवसीय पासपोर्ट मेले में पहुंचे आवेदकों की समस्याओं को सुन मौके पर ही त्रुटियां दूर कराई गईं। जिसके उपरांत करीब 40 आवेदकों को पासपोर्ट जारी होने की आशा बंधी।
नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं अत्यंत सुलभ रूप से एवं समयबद्ध तरीके से प्रदान करने के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद पासपोर्ट सेवा केंद्र की ओर से दो दिवसीय पासपोर्ट मेले आयोजन स्थानीय डाकघर कार्यालय पर कराया गया। मेले में पहले दिन मंगलवार को 40 आवेदकों ने कार्यालय पहुंचकर नाम और पता एवं अन्य त्रुटियों को दूर कराया। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने कहा कि आवेदकों को सलाह दी जाती है कि पासपोर्ट मेले का लाभ उठाने के लिए कार्यालय आते समय अपने समस्त संबंधित दस्तावेज (मूल प्रति एवं छाया प्रति) लाएं। जिससे आवश्यक कार्यवाही समय पर सम्भव हो सके। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय पासपोर्ट मेला बृहस्पतिवार को भी आयोजित होगा।