पांच कैदियों के मामले में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
कारागार में आगरा सेंट्रल जेल से आए उम्रकैद के पांच कैदियों की रिहाई के लिए डीएम और एसएसपी ने बैठक ली। पांचों से करीब दो घंटे अधिकारियों ने बात की। प्रोबेशन अधिकारी द्वारा संबंधित थानों से कैदियों के परिवारों की रिपोर्ट मंगवाकर डीएम के माध्यम से शासन को इनकी रिहाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
आगरा की सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे पांच कैदियों की रिहाई के लिए शासन ने रिपोर्ट मांगी है। करीब दस दिन पूर्व तीन कैदी आगरा की सेंट्रल जेल से जिला कारागार में आए थे। जिनमें शहर कोतवाली के रामलीला टिल्ला निवासी दल सिंह (62) पुत्र बुद्धसिंह, चरथावल के कान्हाहेड़ी निवासी मनफूल (65) पुत्र भुल्लन और फुगाना के गांव जोगियाखेड़ा निवासी सईद (60) पुत्र होशियारा कारागार में आए थे।
तीनों अपने हिस्से की 14 वर्षों की सजा काट चुके हैं। इनमें दलसिंह और मनफूल हत्या और सईद अपहरण के मामले में सजा काट रहा है। सोमवार को दो और कैदी आगरा से जिला कारागार पहुंचे। दोनों कैदी शौकत (60) पुत्र भूरे खां निवासी तेवड़ा भोपा और राजपाल (65) पुत्र सुखबीर निवासी रेता नंगला छपार हैं। दोनों ही हत्या के मामले में सजा काटकर आए हैं।
पांचों से बैठक करने के लिए शाम करीब पांच बजे डीएम और एसएसपी जिला कारागार पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने जेल अधीक्षक राकेश सिंह और प्रोबेशन अधिकारी के सामने पांचों कैदियों की बैठक हुई। अधिकारियों ने पांचों से उनके घर का हाल, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य, जेल में उनका आचरण आदि के बारे में जानकारी ली। बैठक के बाद डीएम ने प्रोबेशन अधिकारी से संबंधित थानों से पांचों के बारे में रिपोर्ट मंगाने के लिए कहा है। थानों से रिपोर्ट आने के बाद पूरी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जाएगी।