तहसील बुढाना का निरीक्षण करते प्रमुख सचिव कृषि।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भूमाफिया पर कठोर कार्रवाई करें: अमित
मुजफ्फरनगर। प्रमुख सचिव कृषि एवं जिले के नोडल अधिकारी अमित मोहन प्रसाद ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भूमाफिया और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। शासन की मंशा के अनुरूप अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए और जघन्य अपराधों को जड़ से समाप्त किया जाए।
विकास भवन में समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अपराध रोकने के लिए विवेचनात्मक कार्रवाई में तेजी लाई जाए। जेलों का अचानक निरीक्षण कर विशेष ध्यान रखें। नकली शराब बनाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। शराब माफिया, नशा कारोबारियों की धरपकड़ जारी है। कई माफिया व अपराधियों की संपत्ति सीज की गई है और अपराधियों के गैंग को सूचीबद्ध भी किया गया है।
प्रमुख सचिव ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बिजली की आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आयुष्मान योजना के संबंध में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्रों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से टेल तक पानी पहुंचने की बात कही। कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को सब्सिडी युक्त उपकरण एवं खाद व बीज उपलब्ध कराएं। किसान गोष्ठियों के आयोजन कराए जाने के लिए कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा तथा राशन वितरण की भी समीक्षा की। उन्होंने 50 लाख से ऊपर की 77 परियोजनाओं के निर्माण कार्यों और प्रगति की समीक्षा की। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध ढंग से करना सुनिश्चित करने के लिए कहा। डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, सभी एसडीएम, सीएमओ सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी व बीडीओ उपस्थित रहे।