प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिले के 2346 परिवारों को 28 जुलाई को एक साथ खुशियों की सौगात देंगे। आवासहीन इन परिवारों के मुखिया के खातों में पीएम आवास योजना की पहली किश्त के रूप में 50 हजार आएंगे। योजना में मकान निर्माण के लिए ढाई लाख रुपये और बने मकान में कमरा आदि बनाने के लिए डेढ़ लाख दिए जा रहे हैं।
पीएम आवास योजना के लिए जिले में अब तक 7125 परिवारों का चयन हो चुका है। लगभग साठ हजार लोगों ने पीएम आवास योजना में आवास के लिए आवेदन किया था। जांच एजेंसी विजन लिमिटेड ने अब तक जिन पात्रों की सूची फाइनल की है, उनमें 3675 का चयन ढाई लाख के लिए किया गया है और 3450 का चयन डेढ़ लाख का अनुदान देने के लिए किया गया है।
जिन लोगों के पास प्लाट है, उन्हें मकान के लिए ढाई लाख दिए जाएंगे और जिनके पास एक कमरा बना है, या दो कमरे बने है, उसे और अधिक निर्माण करने के लिए डेढ़ लाख दिया जाएगा। विभाग अब से पहले 1267 लोगों के खातों में 50-50 हजार की पहली किश्त जारी कर चुका है। डूडा को पीएम आवास के लिए छह करोड़ 77 लाख मिला था। 365 ऐसे लाभार्थी है, जिन्हें आवास के लिए डेढ़ लाख की दूसरी किश्त दी जा चुकी है।
पैसा तीन किश्तों में जारी हो रहा है। तीसरी किश्त भी 50 हजार की है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 जुलाई को लखनऊ पहुंच रहे हैं। जिले के 2346 परिवारों के लिए वे खुशियां लेकर आ रहे हैं। पीएम मोदी अपने हाथों से डिजिटल सिस्टम के माध्यम से इन परिवारों के खातों में पीएम आवास की पहली किश्त जारी करेंगे। जिला प्रशासन शासन को भेजी जाने वाली सूची को अंतिम रूप देने में लगा है। 24 जुलाई तक सूची पात्रों के नाम और उनके बैंक खातों के साथ शासन को चली जाएगी।
तेजी से प्रारंभ होगा पीएम आवास का कार्य
मुजफ्फरनगर। डूडा के एपीओ धनप्रकाश का कहना है कि पीएम आवास योजना के 2346 पात्रों की सूची 24 जुलाई की शाम तक शासन को चली जाएगी। सर्वे कंपनी सूची तैयार कर रही है। पीएम के सीधे खातों में पैसा डालने से आवास के कार्यों में तेजी आएगी। जिले में लगभग 60-65 मकान ऐसे हैं, जो इस योजना में पूरा होने को हैं। पीएम मोदी के डायरेक्ट खाते में पैसा डालने की बात सुनकर पात्रों में भी उत्साह है।
भूमिहीनों को भी मिलेगा घरौंदा
मुजफ्फरनगर। जिन लोगों के पास न तो प्लाट है न ही कच्चा मकान है और किराये पर रहते हैं, सरकार ऐसे लोगों को भी घरौंदा देगी। सर्वे कंपनी ने अभी किरायेदारों की सूची फाइनल नहीं की है, इनकी संख्या पांच हजार से ऊपर जाने की संभावना है।
सरकार ने ऐसे लोगों को आवास उपलब्ध कराने के लिए पहले ही तैयारी प्रारंभ कर दी है। एमडीए ने जमीन खरीदकर मेरठ रोड पर पीएम आवास योजना के लिए मकान बनाने प्रारंभ कर दिए है। पहले 250 मकान बनाये जा रहे हैं, इसके बाद संख्या बढ़ाई जाएगी। ये मकान उन लोगों को मिलेंगे जो किरायेदार हैं, जिनके पास जमीन और मकान कुछ नहीं है।