मुजफ्फरनगर में मेजर ध्यानचंद खेल यूनिवर्सिटी सलावा के शिलान्यास समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। खेड़ी रांघडान में बनाए गए हेलीपैड पर वायुसेना ने हेलीकॉप्टर उतारकर रिहर्सल किया। तीन बार यहां हेलीकॉप्टर उतारकर देखे गए। एसपीजी के एडीजी आलोक कुमार गांव पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
खतौली विधानसभा के गांव खेड़ी रांघड़ान उर्फ खेड़ी राजपूतान में दो हेलीपैड और वीआईपी पार्किंग वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। शुक्रवार को एसपीजी के एडीजी आलोक कुमार, एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल, आईजी मेरठ प्रवीण कुमार, एसएसपी मुजफ्फरनगर अभिषेक यादव ने हेलीपैड और पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। एडीजी आलोक कुमार ने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। क्षेत्र में किए गए सुरक्षा के इंतजाम के विषय में पूछा। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी ने पुलिस अधिकारियों की मीटिंग ली है।
मुजफ्फरनगर पुलिस-प्रशासन पहुंचा खेड़ी
मेरठ के सरधना की सीमा से लगे जिले के आखिरी गांव खेड़ी राजपूतान में दिनभर जिले के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी अभिषेक यादव, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम खतौली और सीओ खतौली ने व्यवस्थाएं संभालीं।
खुफिया विभाग और बम निरोधक टीम पहुंची
खेड़ी रांघडान में एसपीजी के अलावा स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवॉयड ने चेकिंग अभियान चलाया। हेलीपैड क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
दो जनवरी को बंद रहेंगे यह रास्ते
1. खतौली से सलावा गंगनहर मार्ग मेरठ तक पूर्णत: बंद रहेगा।
2. हरिद्वार से वाया मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली जाने वाले छोटे-बड़े वाहन गंगनहर पर नहीं चलेंगे।
3. एनएच-58 से ढलान से उतरकर खतौली-रतनपुरी-बुढ़ाना की तरफ जान वाला व सठेड़ी गंगनहर मार्ग पूर्णत: बंद रहेगा।
4. मेरठ से वाया खतौली-रतनपुरी-बुढ़ाना पर जाने वाले वाहन शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग से निकलेंगे।
5. बुढ़ाना, रतनपुरी से मेरठ-खतौली जाने वाले वाहन शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग पर चलेंगे।
रैली के वाहनों की व्यवस्था
1. बुढ़ाना, रतनपुरी क्षेत्र के गांवों से रैली वाले छोटे-बड़े वाहन रतनपुरी-सलावा मार्ग से सलावा पुलिस चौकी के पास गंगनहर की तरफ बनी पार्किंग पर पहुंचेंगे।
2. खतौली क्षेत्र के गांव वाले वाहन खतौली से अलकनंदा पुल-भैंसी गांव-भैंसी कट हाईवे-एनएच 58 सठेड़ी गांव के कट से प्रवेश कर रतनपुरी की तरफ पहुंच कर बड़सू रजबहे मार्ग से पार्किंग पहुंचेंगे।
3. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर व अन्य जनपदों से आने वाले वाहन ग्राम दादरी मेरठ से ओवरब्रिज के नीचे से दाहिने होकर ग्राम कैली के समीप पार्किंग पहुंचेंगे।