मुजफ्फरनगर। पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतकर लौटी प्रीति पाल का खेल विभाग की ओर से अभिनंदन किया गया। डीएम उमेश मिश्रा ने खेल की सराहना की। युवाओं से आह्वान किया कि वह भी प्रीति से प्रेरणा लेकर और आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करें।
उप क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र यादव ने बताया कि नई दिल्ली में 27 सितंबर से पांच अक्तूबर तक चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। एथलीट प्रीति ने 100 मीटर स्पर्धा में रजत और 200 मीटर स्पर्धा में प्रीति ने कांस्य पदक जीता था।
सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम ने प्रतीक चिन्ह और पटका पहनाकर सम्मानित किया। प्रीति ने कहा कि खेलों के लिए कड़ी मेहनत की थी। कामयाबी से खुशी हुई। अब वह भविष्य में आयोजित होने वाले खेलों की तैयारी में जुट गई है।
उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के सामने कोई बाधा नहीं ठहर सकती। पिता अनिल कुमार, भाई विवेक कुमार, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी हर्षप्रीत सहरावत मौजूद रहे।