मुजफ्फरनगर। शहर के गिरिजाघरों में विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मोमबत्ती जलाकर प्रार्थना की। रात के बारह बजते ही कैरोल की मधुर धुनें गूंजी। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे क्रिसमस ट्री, पेड़-पौधे और तारों से घर और गिरिजाघर जगमगाए। बृहस्पतिवार को प्रभु यीशु की याद में क्रिसमस डे मनाया जाएगा।
यीशु मसीह के जन्मोत्सव पर शहर के सदर बाजार स्थित सेंट जॉन चर्च, सरवट गेट स्थित मेथोडिस्ट चर्च, सिविल लाइन स्थित गुड शैफर्ड चर्च में उल्लास का वातावरण है। चर्चों से लेकर मसीही समाज के घरों में प्रभु यीशु के आगमन की तैयारियां कईं दिनों से की जा रही है।
सिविल लाइन स्थित चर्च के पादरी इग्निशियस मारिया ने बताया कि यीशु मसीह के जन्म की चरनी झांकी प्रतिवर्ष तैयार की जाती है। इसको देखने के लिए स्कूली बच्चे शिक्षकों के साथ आते हैं। बुधवार से ही लोगों का तांता लगा हुआ है। रात में विशेष प्रार्थना की गई है। उन्होंने कहा कि विशेष सभा में विश्व शांति और मानवता की रक्षा के लिए प्रार्थना की गई।