मुजफ्फरनगर। ग्राम प्रधानों के प्रतिनिधिमंडल ने कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम मांगपत्र सौंपा। समय पर पंचायत चुनाव कराने या वर्तमान प्रधानों की कार्यावधि बढ़ाने की मांग की गई है।
गांधीनगर स्थित आवास पर मुलाकात में प्रधानों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की निरंतरता और ग्रामीण विकास कार्यों को निर्बाध बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि यदि चुनाव निर्धारित समय पर संभव न हों, तो वर्तमान प्रधानों की कार्यावधि में विस्तार किया जाए ताकि विकास कार्यों में अवरोध न हो।
मुलाकात के दौरान प्रधानों ने अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और विकास परियोजनाओं से भी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायतों का सक्रिय रहना अनिवार्य है।
राज्य मंत्री ने प्रधानों की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर शासन और मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण विकास, सुशासन और जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानों को व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके हितों और विकास की गति का पूरा ध्यान रखने की बात कही।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक राठी, जितेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल सिंह, राहुल देव, अनुज कुमार, दिनेश कुमार, सुनील कुमार मौजूद रहे।