शहर के भगत सिंह रोड पर अपने घर में चाक पर दीया बनाता कुम्हार
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण भूमि पूजन के दिन अपने अपने घरों पर दीये जलाने के आहवान पर कुम्हारों के भी चेहरे खिल गए हैं। कुम्हारों ने दीये तैयार कर लिए हैं। साथ ही लोगों ने दीये खरीदने भी शुरू कर दिए हैं।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का पांच अगस्त को पीएम मोदी भूमि पूजन करेंगे। सीएम योगी ने इस दिन प्रदेश के लोगों से अपने घरों में पांच दीपक जलाने का आह्वान किया है। इस दिन दिवाली जैसा उत्सव मनाया जाएगा। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण कुम्हारों के धंधे पर भी ग्रहण लग गया था। मिट्टी के दीये की मांग बढ़ी तो कुम्हार और कारीगरों के चेहरों पर दीवाली के त्योहार वाली चमक नजर आई। शहर के भगत सिंह रोड निवासी कुम्हार जितेंद्र व सुमेर चंद कहते हैं कि हमें नहीं मालूम था कि दीये की ब्रिकी ऐसी होगी। एक दिन पहले 1500 दीये बनाये थे जो हाथों-हाथ बिक गए। जिन लोगों ने भी दीये खरीदे उन्होंने कोई मोलभाव नहीं किया, जो कीमत मांगी वह मिल गई। अब पांच अगस्त तक प्रतिदिन 2500 से 3000 दीये बनाने का लक्ष्य है।