हाईवे पर जल लेकर दौड़ता कांवड़िया।
- फोटो : अमर उजाला
बीते दस दिनों से अनवरत चल रही कांवड़ यात्रा अंतिम पड़ाव तक पहुंच गई है। हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर आए शिवभक्त कांवड़ियों ने शिवालयों पर पहुंचकर यात्रा को विराम देना शुरू कर दिया है। सोमवार को जलाभिषेक के बाद कांवड़ यात्रा संपन्न हो जाएगी। उधर, हाईवे पर डाक कांवड़ दौड़ना शुरू हो गई हैं। सड़कों पर सीटियों और हट जा की आवाज सुनाई देने लगी है।
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में अब हाईवे डाक कांवड़ के हवाले हो गया है। पैदल कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों की संख्या कम हो गई है। अब शिव भक्त सामूहिक रूप से अपने वाहनों से डाक कांवड़ लेने हरिद्वार की ओर लगातार प्रस्थान कर रहे हैं। लंबी दूरी की डाक कांवड़ लौटने भी लगी हैं, जबकि अधिकांश डाक कांवड़ रविवार को यहां से होकर गुजरेंगी।
डाक कांवड़ में शामिल शिव भक्तों की टोली समय निर्धारित करके हरिद्वार से पवित्र गंगा जल उठाएंगे और वहां से बारी-बारी दौड़ लगाते हुए निर्धारित अवधि में शिवालय पर जाएंगे। अब सोमवार अल सुबह तक दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे के अलावा पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर डाक कांवड़ों का लौटना जारी रहेगा। शनिवार को पूरे दिन हरिद्वार के लिए डाक कांवड़ों के जाने का सिलसिला जारी रहा।
उधर, स्थानीय कांवड़ियों का लौटना अभी जारी है। विशाल डीजे वाली कांवड़ भी लगातार आ रही हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पैदल शिव भक्त की संख्या कम हो गई है। प्रशासन ने पुरा महादेव जाने वाले शिव भक्तों की सुरक्षा और बढ़ा दी है।