जिले में 13 स्थानों पर बनाए गए मतदान केंद्र
मुजफ्फरनगर। जिले में विधान परिषद चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। जनपद में 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन ने चुनाव को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को पोलिंग पार्टियां और पुलिस पार्टियों मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। मंगलवार को मतदान होगा।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि जनपद में विधान परिषद चुनाव की सभी तैयारी पूरी हो गई है। चुनाव के लिए पोलिंग पार्टी सोमवार को रवाना हो जाएंगी। जनपद में चुनाव को संपन्न कराने के लिए 13 स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शहर के तीन इंटर कॉलेजों मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज, दीप चंद्र ग्रेन चेंबर और वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज में सेंटर बनाया गया है। इसी के साथ जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों पर सेंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा खतौली नगर पालिका और मीरापुर नगर पंचायत कार्यालय पर भी मतदान केंद्र बनाया गया है। जिले में कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर स्नातक के लिए 42 बूथ बनाए गए हैं और एमएलसी शिक्षक के लिए 14 बूथ बने हैं। एडीएम ने बताया कि जनपद में स्नातक के 34728 और शिक्षक के 3668 वोटर जिले में है। ये वोटर इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।