ऑक्सीजन वितरण केंद्र पर पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की
मुजफ्फरनगर। सोमवार देर रात औद्योगिक क्षेत्र स्थित ऑक्सीजन वितरण केंद्र पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने एक पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की भी कर दी, जिसके बाद सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति पर काबू पाया।
लगातार हो रहे कोरोना संक्रमण के चलते ऑक्सीजन को लेकर जिले भर में मारामारी मची हुई है। इसके चलते ऑक्सीजन का वितरण पुलिस की मौजूदगी में सुजड़ू चुंगी स्थित आईटीआई परिसर में किया जा रहा है। ऑक्सीजन वितरण को लेकर भी पुलिस पर आरोप लग रहे हैं। सोमवार देर रात भाकियू कार्यकर्ता वितरण केंद्र पर पहुंचे और वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनका विरोध किया, आरोप है कि उसके साथ धक्का-मुक्की कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ सिटी कुलदीप सिंह तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों की भाकियू कार्यकर्ताओं से काफी देर वार्ता हुई। इसके बाद ऑक्सीजन वितरण सही तरीके से कराए जाने का आश्वासन अफसरों द्वारा देकर मामले को शांत किया गया।