आसाराम के रसोइए अखिल गुप्ता के हत्यारोपी कार्तिक हलदार की पेशी के लिए पुलिस सातवीं बार कोर्ट में अपील करने की तैयारी में जुटी है। पिछले रिमाइंडर के दौरान गुजरात पुलिस को कड़ा खत लिखे जाने के बाद भी वहां की पुलिस ने आरोपी को पेश नहीं किया है। इस बार पुलिस चार जगहों पर रिमाइंडर भेजने की गुहार कोर्ट से लगाएगी। कोर्ट गुजरात पुलिस को कड़ी फटकार लगा सकती है।
दुष्कर्म मामले में जेल में बंद आसाराम बापू के रसोइए गंगा एंकलेव निवासी अखिल गुप्ता की जनवरी 2015 की शाम जानसठ रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अखिल के बापू के खिलाफ चले जाने के कारण वारदात को अंजाम दिया गया था। हत्या की रिपोर्ट नई मंडी कोतवाली मेें दर्ज की गई थी। मार्च 2016 में गुजरात एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल निवासी कार्तिक हलदार को छतीसगढ़ के रायपुर से दबोच लिया था।
अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद हलदार ने अखिल की हत्या करने की बात को स्वीकार किया था। बाद में नई मंडी कोतवाली पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने हत्या का सच कबूला था। पिछले दस माह से पुलिस हलदार को लाने के लिए करीब छह बार बी-वारंट का रिमाइंडर अहमदाबाद भेज चुकी है, लेकिन गुजरात पुलिस हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर उसकी पेशी को टाल देती है।
गत माह नई मंडी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव ने स्वयं सीजेएम कोर्ट में पेश होकर जज के सामने गुजरात पुलिस की लापरवाही के बारे में बताया था। कोर्ट ने वहां की पुलिस को कड़ा पत्र लिखते हुए आरोपी को हर हाल में चार जनवरी को पेश करने के आदेश किए थे, लेकिन गुजरात पुलिस ने आरोपी को पेश नहीं किया। नई मंडी कोतवाली पुलिस फिर से आरोपी की पेशी की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार इस बार रिमाइंडर की कापी एक जगह नहीं चार जगहों पर भेजी जाएगी। इसके लिए कोर्ट से गुहार लगाई जाएगी। इस बार अहमदाबाद की सीजेएम कोर्ट, साबरमती जेल अधीक्षक, एसएसपी और पुलिस लाइन के आरआई को रिमाइंडर की कॉपी भेजी जाएगी। नई मंडी कोतवाली पुलिस फिर से आरोपी की पेशी की अपील करने की तैयारी में जुट गई है।