होली के मद्देनजर कस्बे में फ्लैग मार्च निकालते सीओ और पुलिस बल
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शांति के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला
मुजफ्फरनगर, चरथावल। सीओ सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के अलावा दर्जन भर संवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। सीओ ने कहा कि होली पर अफवाह अथवा हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
सोमवार को चरथावल में थाने में तमाम पुलिस चौकियों के स्टाफ की मीटिंग लेकर पुलिस बल के साथ सीओ सदर ने कस्बे में बस स्टैंड, बाजार कलां, मुर्दापट्टी, कानूनगोयान, तगायान मुस्लिम, वाल्मीकि बस्ती और राजीव मार्केट में फ्लैग मार्च निकाला। इसके अलावा संवेदनशील गांव कुटेसरा, पावटी, चौकड़ा, नंगला आदि पुलिस बल में मौजूद अफसरों ने माइक से लोगों को होली का त्योहार परस्पर सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। सीओ सदर ने कानून के दायरे में सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की है। कस्बे एवं देहात में लगी होलिका के पास भी भ्रमण किया। एसओ सूबे सिंह यादव ने बताया कि अति संवेदनशील स्थलों पर स्थायी पुलिस पिकेट लगाई गई है। फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी, एसएसआई प्रमोद गिरि, कस्बा प्रभारी योगेंद्र चौधरी, हिंडन चौकी प्रभारी जितेंद्र तेवतिया, दरोगा रणपाल सिंह, अलावलपुर प्रभारी हरिराज सिंह बिरालसी चौकी प्रभारी संदीप चौधरी, दधेडू चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह, कुटेसरा प्रभारी आदि मौजूद रहे।