पुलिस ने गुडवर्क के साथ की साल की शुरूआत
मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस का साल का पहला दिन सुकून से बीता। शहर के तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के साथ दिन की शुरूआत की। नई मंडी पुलिस ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर गुडवर्क किया, तो सिविल लाइंस थाना व शहर कोतवाली क्षेत्र में किसी तरह की कोई घटना नहीं घटित हुई।
शहर कोतवाली पुलिस ने साल के पहले दिन की शुरूआत सुबह आठ से दस बजे के बीच क्षेत्र में गश्त के साथ की। दोपहर को कोतवाली के पुलिसकर्मियों के लिए थाना परिसर में बड़ा भोज का आयोजन किया गया, जिसमें एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने भी शिरकत की। साल के पहले दिन गांव सुजड़ू में मामूली मारपीट के मामले को छोड़कर किसी तरह की घटना घटित नहीं हुई, जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली। यहां मुकदमे की लिहाज से साल का पहला दिन शून्य दर्ज किया गया। सिविल लाइंस पुलिस ने भी साल के पहले दिन की शुरूआत गश्त के साथ की। थाने में साल के पहले दिन किसी तरह की न तो घटना घटित हुई और न ही अपराध रजिस्टर की ही शुरूआत हुई। नई मंडी पुलिस ने दिन की शुरूआत क्षेत्र में गश्त से करते हुए एटूजेड रोड से नशीले पदार्थ के तस्कर व उसके साथी को गिरफ्तार कर गुडवर्क के साथ साल का शुभारंभ किया। पहले दिन नई मंडी थाने में दो मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें एक एनडीपीएस एक्ट और दूसरा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
देर रात बज रहा डीजे रहा डायल-112 का पहला इवेंट
मुजफ्फरनगर। डायल-112 सेवा का जनपद में नए साल के पहले दिन का पहला इवेंट देर रात बज रहे डीजे को बंद कराना रहा। दरअसल, नई मंडी क्षेत्र के जैन मिलन विहार निवासी सुनील कुमार ने रात 12.02 बजे डायल-112 को कॉल कर देर रात क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत की। सूचना दर्ज कर पुलिस टीम को मौके पर भेजकर डीजे बंद करा दिया गया।
एसआई ने किया रक्तदान
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाने के गांधी कॉलोनी चौकी इंचार्ज एसआई धीरज कुमार ने रक्तदान के साथ साल के पहले दिन की शुरूआत की। एसआई धीरज कुमार ने बताया कि भोपा रोड स्थित एसडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती उत्तराखंड के जसपुर निवासी मरीज को बुधवार दोपहर अचानक खून की जरूरत आ पड़ी। सूचना पर एसआई धीरज कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मरीज की जान बचाने के लिए आगे बढ़कर खुद रक्तदान किया।