मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली क्षेत्र में गउशाला रोड स्थित आरकेड फार्म के डायरेक्टर राष्ट्रीय जाट संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन कुमार ने बसपा के जिला कोषाध्यक्ष सुशील शर्मा पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।
सिविल लाइन थाने की जाट काॅलोनी के मूल निवासी गउशाला के पास आरकेड फार्म हाउस में रहने वाले विपिन बालियान ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 26 मार्च को दोपहर में लगभग 12.40 बजे उनके फार्म हाउस पर उनका मैनेजर अजय कुमार मौजूद था। तभी पिछले गेट से पांच लोग फार्म हाउस में घुस आए। इनमें से चार मेन गेट के पास खड़े रहे जबकि रामलीला टील्ला निवासी सुशील शर्मा अंदर घुस आया था।
आरोप है कि उसने वापस जाते हुए मैनेजर से कहा था कि वह अपने मालिक से बता दे कि वह पचास लाख रुपये उनके पास रामलीला टील्ला पर पहुंचा दे। उधर, आरोपी सुशील शर्मा जो बसपा के जिला कोषाध्यक्ष है, उन्होंने बताया कि आरकेड फार्म हाउस को लेकर विपिन कुमार आदि के साथ उनका कोर्ट में मामला विचाराधीन है।
कोर्ट के आदेश कर अमीन ने अपने साथी के साथ पहुंच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की थी। आरोप निराधार हंै। एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।