मुजफ्फरनगर: मुठभेड में घायल बदमाश को उपचार के लिए ले जाती भोपा पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचा लुटेरा, साथी फरार
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव रहमतपुर के जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने लूट-डकैती के आरोपी अक्षय पुत्र जीता उर्फ अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल बदमाश के खिलाफ विभिन्न थानों में 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश का पिता भी थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
भोपा पुलिस ने मंगलवार को रहमतपुर रजबहे के निकट चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बाइक सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। एसओ सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बदमाशों को कुछ दूरी पर घेर लिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा। गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान अक्षय पुत्र जीता उर्फ अजीत सिंह, निवासी गांव योगेंद्रनगर के रूप में हुई, जिसके पास से संदिग्ध बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। सूचना पर सीओ सोमेंद्र सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। सीओ ने बताया कि घायल बदमाश लूट-डकैती का आरोपी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अक्षय के पिता जीता उर्फ अजीत भी भोपा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके फरार साथी की भी तलाश की जा रही है।