जानसठ। गांव तालड़ा के जंगल में किसान अरुण कुमार उर्फ अटल को अगवा करके दस लाख रुपये की फिरौती वसूलने के मामले में पुलिस जांच में अलग अलग कहानी निकल कर सामने आ रही है। पुलिस ने अब किसान के ही परिवार के एक सदस्य से भी पूछताछ की है।
पुलिस को पहले जांच पड़ताल में पता चला था कि सिर्फ नौकर का पुत्र किसान के पुत्र मयंक के साथ बाइक पर जंगल में फिरौती देने के लिए गया था। पुलिस ने शक के आधार पर उससे पूछताछ की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी। अब पता चला है कि फिरौती दिलवाने के लिए बाइक पर किसान के बेटे के साथ किसान के ही परिवार का एक अन्य सदस्य भी गया था। पुलिस ने उससे भी पूछताछ की हैै। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल में अलग अलग कहानी निकल कर सामने आ रही है। सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है। सीओ यतेन्द्र नागर का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
यह था मामला
गांव तालड़ा निवासी तथा हाल में कस्बे के मोहल्ला हुसैनपुरा में रहने वाले किसान अरुण कुमार उर्फ अटल का तीन अक्तूबर की सुबह 11 बजे गांव तालड़ा के जंगल में दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। उन्हें दस लाख रुपये की फिरौती लेकर छोड़ा गया था। किसान ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस फिरौती वसूलने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है।